हमीरपुर में 237 जनशिकायतें प्राप्त, 35 का मौके पर निस्तारण

राठ में आयोजित हुआ पिंक संपूर्ण समाधान दिवस, महिलाओं को योजनाओं का मिला लाभ

हमीरपुर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 237 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 35 का मौके पर निस्तारण किया गया। आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल, बांदा अजीत कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. ने सदर तहसील में शिकायतें सुनीं। वहीं, जिलाधिकारी अशोक कुमार और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने राठ तहसील में आयोजित पिंक संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई की।तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, राठ में 125 शिकायतों में 15, सदर हमीरपुर में 42 में 13, सरीला में 35 में चार तथा मौदहा में 35 में तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। मिशन शक्ति के तहत आयोजित पिंक समाधान दिवस में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गौरी प्रेरणा कैंटीन का लोकार्पण किया। विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। महिला किसानों को निःशुल्क बीज किट भी प्रदान की गईं। अधिकारियों ने लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने गौशाला का किया निरीक्षण, एक माह में कमियां दूर करने के निर्देश

वीबी-जी राम जी के कार्यों का होगा स्थलीय सत्यापन

हमीरपुर, 17 अक्टूबर। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह के साथ तहसील राठ के ग्राम नौरंगा में ग्राम पंचायत की गौशाला एवं विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं में मिली कमियों को एक माह के भीतर दूर करने तथा लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए। वी बी जी राम जी के कार्यों में अनियमितताओं और केवल अभिलेखों में काम दर्शाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। टीम मौके पर कराए गए कार्यों और अभिलेखों का मिलान करेगी। अनियमितता मिलने पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान गौशाला में 127 छोटे-बड़े गोवंश संरक्षित मिले। जिलाधिकारी ने छोटे-बड़े पशुओं को अलग रखने, पर्याप्त भूसा एवं पशु आहार उपलब्ध कराने तथा शत-प्रतिशत ईयर टैगिंग और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गोवंश सड़कों पर छुट्टा घूमते नहीं मिलने चाहिए। साथ ही पशुओं से संबंधित अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।इंडियन बैंक द्वारा स्वयं सहायता समूहों की कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) स्वीकृत नहीं किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को बैंक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) से समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने सभी 27 पंजीकृत स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण, पोषाहार वितरण तथा अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और कमियों को एक माह के भीतर दूर करने के निर्देश दिए। एक माह बाद पुनः निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि मनरेगा के वीबी-जी राम जी में परिवर्तित होने के बाद योजना में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि फेस ऑथेंटिकेशन ऐप पर सेंधमारी करते हुए मजदूरों की हाजिरी दर्ज किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है, तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला होगा। जनता की मेहनत की कमाई का लाभ वास्तविक मजदूरों तक पहुंचना सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन को ऐसे मामलों का संज्ञान लेकर स्थलीय जांच करानी चाहिए। साथ ही, फर्जी हाजिरी और सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

कुतुब-ए-बुंदेलखंड हजरत बाबा निजामी का सालाना उर्स 18 अक्टूबर से, चार दिन तक सजेंगी रूहानी महफिलें

कुतुब-ए-बुंदेलखंड हजरत बाबा निजामी का सालाना उर्स 18 अक्टूबर से, चार दिन तक सजेंगी रूहानी महफिलें

( एजाज अहमद उर्फ समीर)

मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के कम्हरिया गांव स्थित प्रसिद्ध सूफी संत कुतुब-ए-बुंदेलखंड हजरत अब्दुल्लाह शाह बाबा निजामी रहमतुल्लाह अलैह का चार दिवसीय सालाना उर्स 18 अक्टूबर से शुरू होगा।

उर्स की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीनों और अकीदतमंदों के पहुंचने की उम्मीद है।उर्स के पहले दिन मिलाद शरीफ और अखिल भारतीय नातिया मुशायरा आयोजित होगा। 19 अक्टूबर की सुबह कुरानख्वानी के बाद बाबा के पैतृक मकान से चादर निकाली जाएगी, जो मोहल्ले का भ्रमण कर आस्ताने पर पेश की जाएगी। रात में महफिल-ए-शमा सजेगी। 20 अक्टूबर को भी धार्मिक कार्यक्रमों और महफिल-ए-शमा का आयोजन होगा। 21 अक्टूबर की सुबह कुल शरीफ की फातिहा और कव्वाली के साथ उर्स का समापन होगा।संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, मेला कमेटी जायरीनों की सुविधाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था में जुटी है। बाबा की मजार और गांव को आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। खानकाह मुख्तारिया निजामिया की ओर से तीन दिनों तक लंगर भी आयोजित किया जाएगा। बाबा निजामी का उर्स हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की मिसाल माना जाता है।

4 जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, पुनरीक्षण की तैयारियां तेज

हमीरपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

इसमें विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों का सम्भाजन एवं पुनर्व्यवस्थापन 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का आलेख प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। दावे एवं आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। युवा, प्रथम बार मतदान करने वाले नागरिकों और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने बीएलओ को मतदाता सूची का पूर्ववर्ती अभिलेखों से मिलान करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया जाए। मतदेय स्थलों पर अधिकतम 1200 मतदाताओं और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

1 नवंबर को लगेगा मेगा लीगल कैंप, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर

हमीरपुर, 16 अक्टूबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर की ओर से आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप की तैयारियों के तहत विकासखंड सुमेरपुर के सभागार में तीसरा लघु विधिक शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल के निर्देशन में किया गया।शिविर में श्रम, उद्योग, सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण, परिवहन और मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया बताई। संबंधित विभागों से पात्र लाभार्थियों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराने की अपील की गई, ताकि मेगा लीगल कैंप में जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पीएलवी और ग्रामीण उपस्थित रहे। संचालन पीएलवी देशराज ने किया। शिविर का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

PET-2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, नकल करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

PET-2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, नकल करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

हमीरपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अशोक कुमार ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने परीक्षा तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीय सामग्री के परिवहन और सीसीटीवी निगरानी की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा का आयोजन 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को दो पालियों में होगा। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। बायोमीट्रिक उपस्थिति और आइरिस स्कैन के लिए निर्धारित व्यवस्था के तहत पांच मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।जनपद में परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

प्रत्येक केंद्र पर निगरानी एवं व्यवस्थाओं के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 12 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। प्रत्येक पाली में 5,136 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि दोनों पालियों में कुल 10,272 अभ्यर्थी शामिल होंगे।जिलाधिकारी ने गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन, सीसीटीवी निगरानी में प्रश्नपत्रों के ट्रंक खोलने, अभ्यर्थियों की जांच तथा कक्ष निरीक्षकों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया। उ

न्होंने स्पष्ट किया कि नकल कराने या परीक्षा की शुचिता भंग करने में संलिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

उरदना-कपसा मार्ग पर मौत के गड्ढे, जिम्मेदारों की आंखों पर पट्टी! क्या किसी की जान जाने के बाद जागेगा प्रशासन?

उरदना-कपसा मार्ग पर मौत के गड्ढे, जिम्मेदारों की आंखों पर पट्टी! क्या किसी की जान जाने के बाद जागेगा प्रशासन?

हमीरपुर मौदहा । मौदहा विकासखंड के उरदना गांव में मौदहा-कपसा मार्ग की बदहाली ने शासन-प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी है। सड़क पर जलभराव, कीचड़ और गहरे गड्ढे हादसों को खुला न्योता दे रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी समझ से परे है। आखिर जनता की सुरक्षा से जुड़ा यह गंभीर मुद्दा अधिकारियों की प्राथमिकता में क्यों नहीं है?

विडंबना देखिए कि शारदीय नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर भी श्रद्धालुओं और राहगीरों को कीचड़ व दलदल से होकर गुजरना पड़ रहा है। पानी में डूबे गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, ई-रिक्शा सवारों और पैदल चलने वालों पर दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है। इसी मार्ग पर ई-रिक्शा पलटने की कई घटनाएं भी सामने आ चुकी है। हैरानी की बात यह है कि ग्रामीण लगातार उक्त समस्या के समाधान की मांग कर रहे है व मीडिया के माध्यम से सड़क की दुर्दशा उजागर की जा रही है, फिर भी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

ऐसे में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है।उक्त समस्या पर आज गांव निवासी रूपेश कुमार आदि ने सीएम पोर्टल शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों की मांग है कि तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराकर सड़क की मरम्मत कराई जाए। आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब अपनी कुंभकर्णी नींद से जागेंगे? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? सड़क की मरम्मत कोई एहसान नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा के प्रति अधिकारियों की जिम्मेदारी है। कार्रवाई हादसे से पहले होनी चाहिए, किसी की जान जाने के बाद नहीं।

मेगा लीगल कैंप में पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ, तैयारियां तेज

मौदहा में द्वितीय लघु विधिक सेवा शिविर आयोजित, विभागों को लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश

हमीरपुर, 15 अक्टूबर। आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप की तैयारियों के तहत गुरुवार को विकासखंड मौदहा के सभागार में द्वितीय लघु विधिक सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करना रहा।कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल के निर्देशन में किया गया।

शिविर में खंड विकास अधिकारी श्वेता त्रिपाठी, एडीओ (आरडी) अनिल पाठक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी रुद्र प्रताप तथा एडीओ समाज कल्याण मोहित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। अधिकारियों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।इस दौरान पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) पवन तिवारी एवं शिवनारायण ने विभागीय अधिकारियों से पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनकी सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराने की अपील की।कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मौदहा से अंजलिप्रिया गौतम, पीएलवी सत्यवती, एडीओ सहकारिता दिलीप गुप्ता, जिला उद्योग केंद्र से वेदप्रकाश तथा जिला कल्याण एवं बाल विभाग के जेंडर स्पेशलिस्ट अंकित अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।प्राधिकरण का उद्देश्य आगामी मेगा लीगल कैंप के माध्यम से अधिकाधिक पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।

कुरारा में लगा प्रथम लघु विधिक सेवा शिविर, 1 नवंबर को होगा मेगा लीगल कैंप

कुरारा में लगा प्रथम लघु विधिक सेवा शिविर, 1 नवंबर को होगा मेगा लीगल कैंप

हमीरपुर, 14 अक्टूबर। आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप की तैयारियों के तहत बुधवार को विकासखंड कुरारा के सभागार में प्रथम लघु विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार राय के निर्देशन में आयोजित हुआ।

शिविर में श्रम, कृषि, विद्युत एवं परिवहन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता की शर्तों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। शिविर का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं का समाधान करना रहा।इस दौरान सचिव वंदना अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनकी सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप में पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सभी विभाग समय से तैयारियां पूरी करें।कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी राम शंकर सिंह, एडीओ ग्राम विकास जगदंबा प्रसाद, पीएलवी पवन तिवारी, सियाराम, सुनील पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

किराने की दुकान से कुंतलों पटाखे बरामद, दुकानदार फरार

इलाही तालाब के पास एसडीएम और कोतवाली प्रभारी ने पुलिस बल के साथ की छापेमारी

मौदहा हमीरपुर। त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मौदहा कस्बे में छापेमारी की। इलाही तालाब के पास स्थित एक किराने की दुकान से कुंतलों पटाखे बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदार मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन को इलाही तालाब निवासी अजय कुमार की किराने की दुकान में भारी मात्रा में पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह और कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए।कार्रवाई की जानकारी फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, छापेमारी के दौरान दुकानदार के फरार होने की बात सामने आई है।

उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह ने बताया कि दुकान से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए हैं। पटाखों के भंडारण से संबंधित अनुमति की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन अवैध पटाखों के भंडारण पर निगरानी रख रहा है।