कंश मेले की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, दो जोन में बांटा गया मेला क्षेत्र

PASS IT ON Share this story

मौदहा हमीरपुर। ऐतिहासिक कंश मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार देर शाम पांडव गेस्ट हाउस में अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद वर्मा और अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता में पुलिस, नगर पालिका और राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक हुई। बैठक में गैर जनपदों से आए पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग कर ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने बताया कि मेला क्षेत्र को दो जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए तीन सीओ, आठ एसएचओ, 58 उपनिरीक्षक, 225 पुलिस व महिला कांस्टेबल, 18 हेड कांस्टेबल, दो पीएसी प्लाटून तथा तीन फायर सर्विस वाहन तैनात किए गए हैं। मीरा तालाब और देवी चौराहा पर अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। एलआईयू, डॉग स्क्वायड और ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी। मेले के मुख्य प्रवेश मार्गों पर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम कर्णवीर सिंह, सीओ राजकुमार पांडेय, कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार, ईओ सीमा तोमर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष रजा मोहम्मद ने बताया कि मेला क्षेत्रों में पेयजल के लिए टैंकर और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था की गई है। बाहरी श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मलीकुआं, नेशनल चौराहा, थाना, देवी चौराहा और मेला परिसर में स्वागत गेट व होर्डिंग लगाए गए हैं। बारिश के बावजूद मेले को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।

Join the conversation

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *