बारिश के बीच निकली भव्य शोभायात्रा, मीरा तालाब में हुआ कंस वध

PASS IT ON Share this story

बारिश के बीच निकली भव्य शोभायात्रा, मीरा तालाब में हुआ कंस वध; डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

मौदहा हमीरपुर। कस्बे में बीते 48 घंटों से हो रही झमाझम बारिश भी ऐतिहासिक कंस वध मेले के उत्साह को नहीं रोक सकी। शनिवार को करीब एक दर्जन झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मीरा तालाब पहुंची, जहां नागनाथ लीला, बकासुर, अघासुर और पूतना वध के बाद देर शाम कंस वध की लीला संपन्न हुई। इस दौरान मेला देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। तीन दिवसीय कंस वध मेले का शुभारंभ शुक्रवार को गुड़ाही बाजार में कंस दरबार की झांकियों के साथ हुआ। देर रात लक्ष्मी नारायण मंदिर से भगवान कृष्ण का डोला निकाला गया, जो देवी चौराहा, कजियाना, मथुरा मंदिर, जीजीआईसी मोड़, थाना चौराहा और नेशनल चौराहा होते हुए वापस गुड़ाही बाजार पहुंचा। शनिवार को निकली शोभायात्रा मराठीपुरा होते हुए मीरा तालाब पहुंची।मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए। मीरा तालाब में बैरिकेडिंग के साथ नाव और गोताखोर तैनात किए गए। दो अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गईं, जबकि एलआईयू, डॉग स्क्वायड और ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। सुरक्षा में तीन सीओ, आठ एसएचओ, 58 उपनिरीक्षक, 225 पुलिस व महिला कांस्टेबल, 18 हेड कांस्टेबल, दो पीएसी प्लाटून और तीन फायर सर्विस वाहन लगाए गए।इससे पहले डीआईजी चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. ने जिलाधिकारी अशोक कुमार और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी निगरानी को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। नगर पालिका ने पेयजल टैंकर, अस्थायी शौचालय और स्वागत द्वारों की भी व्यवस्था की।

Join the conversation

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *