₹302 करोड़ की बाईपास परियोजना में तेजी के निर्देश, डीएम ने बेतवा-यमुना पुलों का किया निरीक्षण
हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने रविवार को जनपद की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा निर्माणाधीन ₹302 करोड़ की बेतवा एवं यमुना नदी पुल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति, स्पैन निर्माण, गुणवत्ता, सुरक्षा तथा लोक निर्माण विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान बताया गया कि बेतवा नदी पर दोनों लेन में कुल 26 स्पैन बनाए जाने हैं, जिनमें एक लेन के सभी 13 स्पैन का निर्माण पूरा हो चुका है। लोक निर्माण विभाग से संबंधित शेष कार्य शीघ्र पूरा होने पर एक माह के भीतर बेतवा पुल की एक लेन पर यातायात शुरू होने की संभावना है।यमुना नदी पर दोनों ओर कुल 32 स्पैन प्रस्तावित हैं, जिनमें एक तरफ पांच स्पैन का निर्माण पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष कार्य को उपलब्ध संसाधनों और श्रमशक्ति का प्रभावी उपयोग करते हुए तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।उन्होंने निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य प्रयोग, सेफ्टी इंजीनियरों की नियमित निगरानी और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने को कहा। थर्ड-पार्टी गुणवत्ता जांच कराने के भी निर्देश दिए।डीएम ने एनएच-34 एवं यमुना पुल के पहुंच मार्गों पर गड्ढों को एक माह में ठीक कराने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना में अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप कुमार, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




Join the conversation