जागरूकता अभियान के समापन पर छात्राओं को किया जागरूक, बताए बाल सुरक्षा के कानूनी अधिकार


हमीरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर के तत्वावधान में चलाए जा रहे पोक्सो जागरूकता अभियान का गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मौदहा में समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार राय के दिशा-निर्देशन तथा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल जज (जूनियर डिवीजन), मौदहा बृजेश कुमार पटेल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजलि गौतम ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।इस दौरान छात्राओं को पोक्सो अधिनियम-2012 के महत्वपूर्ण प्रावधानों, बाल यौन अपराधों की रोकथाम तथा बच्चों के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। छात्राओं को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बारे में समझाते हुए किसी भी अप्रिय घटना अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल अभिभावक, शिक्षक या संबंधित अधिकारी को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई गई।कार्यक्रम में महिला एवं बाल कल्याण विभाग की तबस्सुम परवीन व महिमा राजपूत, पीएलवी शिवनारायण व पवन कुमार सहित कोर्ट बाबू जयदीप त्रिपाठी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं व भारी तादाद में छात्राएं उपस्थित रहीं।





Join the conversation