मथुरा से लौट रहे दो श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत
मौदहा हमीरपुर। मथुरा-वृंदावन में दर्शन कर बाइक से मध्य प्रदेश लौट रहे दो किसानों की बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा एक्सप्रेसवे पर पोल संख्या 73.3 के पास हुआ। परिजनों के अनुसार, बाइक चला रहे युवक को अचानक झपकी आने से तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। मृतकों की पहचान सतना जिले की बरौंधा तहसील क्षेत्र के नकेला गांव निवासी कृष्ण कुमार (50) और सुशील पांडे (45) के रूप में हुई है। दोनों भरतकूप की ओर जा रहे थे। हादसे के दौरान पीछे दूसरी बाइक से आ रहे परिजनों ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि हादसे के समय दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। दोनों मृतकों के परिवारों की आजीविका खेती-किसानी से चलती थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, नकेला गांव में भी शोक का माहौल है।




Join the conversation