दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा, स्वच्छता और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
हमीरपुर। आगामी नवरात्रि, दशहरा, दीपावली एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक सहित संबंधित अधिकारी, पूजा समिति के पदाधिकारी एवं संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट खबरें साझा करने से बचें। ऐसी सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन या पुलिस को अवगत कराएं।
डीएम ने दुर्गा पूजा पंडालों में अग्निशमन उपकरण, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षित प्रवेश-निकास, महिला-पुरुषों के लिए अलग कतारों तथा स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निकायों को पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई दुरुस्त रखने, जबकि विद्युत विभाग को जर्जर तारों एवं खंभों की मरम्मत कराने और विसर्जन मार्गों का निरीक्षण करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संवेदनशील स्थानों और पूजा पंडालों में पुलिस की निगरानी रहेगी। अराजक तत्वों तथा अफवाह फैलाकर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द्र कुमार वर्मा, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, एसडीएम मौदहा करण वीर सिंह, एसडीएम राठ चित्रा निरवाल, एसडीएम सरीला विकास कुमार यादव, एसडीएम पैगाम हैदर, संबंधित पुलिस उपाधीक्षक, पूजा समितियों के प्रतिनिधि एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।




Join the conversation