बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
हमीरपुर, 13 अक्टूबर। जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक विकास, निवेशकों की समस्याओं, स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) तथा एक जनपद एक व्यंजन योजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और बैंक प्रबंधकों को पात्र आवेदकों को नियमानुसार ऋण उपलब्ध कराने तथा लंबित आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा। साथ ही विभागों और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित दिन का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। उन्होंने बैठकों में जिम्मेदार अधिकारियों की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक, एलडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




Join the conversation