कुरारा में लगा प्रथम लघु विधिक सेवा शिविर, 1 नवंबर को होगा मेगा लीगल कैंप
हमीरपुर, 14 अक्टूबर। आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप की तैयारियों के तहत बुधवार को विकासखंड कुरारा के सभागार में प्रथम लघु विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार राय के निर्देशन में आयोजित हुआ।
शिविर में श्रम, कृषि, विद्युत एवं परिवहन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता की शर्तों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। शिविर का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं का समाधान करना रहा।इस दौरान सचिव वंदना अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनकी सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप में पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सभी विभाग समय से तैयारियां पूरी करें।कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी राम शंकर सिंह, एडीओ ग्राम विकास जगदंबा प्रसाद, पीएलवी पवन तिवारी, सियाराम, सुनील पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




Join the conversation