नवनिर्मित भवन में 15 दिन में कक्षाएं शुरू कराने के निर्देश, डीएम ने परखी शिक्षा व मिड-डे मील की गुणवत्ता
हमीरपुर, 30 सितंबर। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कंपोजिट विद्यालय पतारा का स्थलीय निरीक्षण कर शैक्षणिक, मूलभूत एवं मिड-डे मील व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कक्षा छह से आठ के लिए नवनिर्मित भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने तथा खिड़कियों के शीशे ढीले पाए जाने पर नाराजगी जताई। बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार को सफाई, मरम्मत एवं फर्नीचर की व्यवस्था कराकर 15 दिनों के भीतर भवन में कक्षाएं संचालित कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पहाड़े सहित विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। बच्चों द्वारा सही उत्तर देने पर उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
मिड-डे मील व्यवस्था की जांच के दौरान उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता का फीडबैक लिया। दूध को लेकर मिली शिकायत पर उन्होंने निर्धारित मेन्यू एवं मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के प्रयोग के निर्देश दिए। भोजन परोसने से पहले अभिभावकों अथवा शिक्षक-अभिभावक समिति से गुणवत्ता की पुष्टि कराने को कहा।
उन्होंने ग्राम पंचायत भवन स्थित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाएं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।




Join the conversation