संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, डीएम ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
हमीरपुर। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने नगरपालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद एवं मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक पूरे जनपद में संचालित होगा। इसके तहत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के साथ नालियों और झाड़ियों की सफाई तथा एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। दिमागी बुखार, डेंगू, मलेरिया समेत अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए घर-घर जागरूकता संदेश पहुंचाए जाएंगे।उन्होंने बताया कि सुरक्षित पेयजल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। दूषित पानी देने वाले हैंडपंपों को चिन्हित कर लाल निशान लगाया जाएगा, ताकि लोग उनका पानी पीने से बचें।जिलाधिकारी ने लोगों से घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जलभराव रोकने तथा अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। इस दौरान सीएमओ डॉ. अलका शुक्ला, बीएसए मुकेश खरवार, डीआईओ सतीश कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी राजेंद्र सिंह सहित अधिकारी-कर्मचारी व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




Join the conversation