इलाही तालाब के पास एसडीएम और कोतवाली प्रभारी ने पुलिस बल के साथ की छापेमारी
मौदहा हमीरपुर। त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मौदहा कस्बे में छापेमारी की। इलाही तालाब के पास स्थित एक किराने की दुकान से कुंतलों पटाखे बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदार मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को इलाही तालाब निवासी अजय कुमार की किराने की दुकान में भारी मात्रा में पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह और कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए।कार्रवाई की जानकारी फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, छापेमारी के दौरान दुकानदार के फरार होने की बात सामने आई है।
उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह ने बताया कि दुकान से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए हैं। पटाखों के भंडारण से संबंधित अनुमति की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन अवैध पटाखों के भंडारण पर निगरानी रख रहा है।




Join the conversation