बारिश से नदी-तालाब उफनाए, कई रास्तों पर जलभराव, एसडीएम ने जेसीबी से कराई जलनिकासी, प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी के दिए
मौदहा हमीरपुर। पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही बारिश से नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। नगर का इलाही तालाब ओवरफ्लो होने से आसपास के रास्तों और सड़कों पर पानी भर गया। सूचना मिलने पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए जेसीबी से जलनिकासी का रास्ता बनवाया। इसके बाद पानी कम करने की कार्रवाई शुरू की गई। लगातार बारिश के कारण श्याम नाला भी उफान पर है। वहीं बलेड़ी नाला, छिमौली रपटा, पढो़री रपटा, चंद्रावल नदी और कम्हरिया बांध में पानी बढ़ने से कई गांवों के संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं। निचले इलाकों में जलभराव के चलते ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।प्रशासन की राजस्व टीम जलमग्न खेत-खलिहानों और बारिश से क्षतिग्रस्त या गिरे मकानों का आकलन कर रही है। एसडीएम ने इलाही तालाब पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को जलनिकासी व्यवस्था सुचारु रखने के साथ जलभराव वाले स्थानों पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए। लगातार बारिश के चलते मांचा, कम्हरिया, मुटनी, बिगहना समेत अन्य निचले इलाकों में भी जलभराव की आशंका बनी हुई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी और स्थिति पर निगरानी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




Join the conversation