भारी बारिश के बीच आपदा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण, अलर्ट रहने के निर्देश
हमीरपुर। जनपद में हो रही भारी वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित आपदा प्रकोष्ठ/कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तरह सक्रिय और अलर्ट रहने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि भारी वर्षा अथवा किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में पूरे जनपद पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा घटना की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए। आमजन की सुविधा के लिए आपदा कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 9454416001 जारी किया गया। उन्होंने नागरिकों से मकान क्षति, जनहानि, पशु हानि, जलभराव अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल इस नंबर पर देने की अपील की।उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, लेखपालों व ग्राम पंचायत सचिवों की सक्रियता तथा जर्जर भवनों एवं कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।निरीक्षण के दौरान एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, एडीएम नमामि गंगे विजय सिंह, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर, आपदा विशेषज्ञ प्रियेश रंजन मालवीय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




Join the conversation