चौरा देवी प्रांगण में लगा जनसेवा एवं विधिक सहायता शिविर, पात्र लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

PASS IT ON Share this story

दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, किसानों को ट्रैक्टर और मत्स्य पालकों को आइस बॉक्स सहित टीवीएस विक्की वितरित

हमीरपुर, 01 नवंबर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा रविवार को चौरा देवी प्रांगण में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राम प्यारे ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।

इस दौरान जनपद न्यायाधीश ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में पुलिस, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांगजन सशक्तीकरण सहित विभिन्न विभागों ने सहभागिता की।कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, दो किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां तथा मत्स्य पालकों को आइस बॉक्स सहित टीवीएस विक्की वितरित की गईं।

वहीं, पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्यायिक सेवाओं की जानकारी दी। जनपद न्यायाधीश राम प्यारे ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और आयोजन की सराहना की।इस अवसर पर जिलाधिकारी अशोक कुमार, पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह सहित न्यायिक अधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

Join the conversation

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *